Nirbhik Nazar

हरिद्वार के कुंभ मेले से भीड़ हटाने और चुनावी रैलियों की भीड़ समेटने को लेकर सुप्रीम कोर्ट मे याचिका दाखिल

नई दिल्ली:  सुप्रीम कोर्ट में एक जनहित याचिका दाखिल हुई है सुप्रीम कोर्ट में यह याचिका उत्तर प्रदेश में नोएडा के रहने वाले वकील संजय कुमार पाठक ने दाखिल की है। याचिका में केंद्र सरकार, उत्तराखंड सरकार, नेशनल डिजास्टर मैनेजमेंट अथारिटी और चुनाव आयोग को पक्षकार बनाया गया है। याचिका में मांग की गई है कि केंद्र सरकार और उत्तराखंड सरकार को तत्काल प्रभाव से हरिद्वार के कुंभ मेले में लोगों को आमंत्रित करने का विज्ञापन देने से रोका जाए।

याचिका में यह भी कहा गया है कि केंद्र, उत्तराखंड सरकार और नेशनल डिजास्टर मैनेजमेंट अथारिटी को निर्देश दिया जाए कि वे जल्द से जल्द हरिद्वार कुंभ में एकत्रित लोगों की भीड़ हटाएं और कुंभ से घर लौट रहे लोगों के लिए सुरक्षा प्रोटोकाल तय करें। आदेश मांगा गया है कि केंद्र और राज्य सरकार को निर्देश दिया जाए कि वे कोरोना के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए किसी तरह की भीड़ को बढ़ावा नहीं देंगी।

याचिका में गुजारिश की गई है कि चुनाव आयोग से कहा जाए कि वह संबंधित राज्यों जहां चुनाव हो रहे हैं कोरोना दिशानिर्देशों को सख्ती से लागू करे। याचिका में कोरोना के बढ़ते मामलों का हवाला देते हुए कहा गया है कि भारत में दो लाख से ज्यादा नए कोरोना संक्रमण के मामले आ रहे हैं। स्वास्थ्य सेवाएं धराशायी हो रही हैं। अस्पतालों और अंतिम संस्कार स्थलों में जगह नहीं बची है। कई शहरों में जरूरी दवाओं की किल्लत हो गई है।

याचिका में कहा गया है कि मौजूदा वक्‍त में कोरोना संक्रमण इतना ज्यादा बढ़ा हुआ है और हरिद्वार के कुंभ में लाखों की भीड़ देखी जा रही है। इसके अलावा राज्यों में चुनाव रैलियां हो रही हैं जिनमें कोरोना प्रोटोकाल की अनदेखी की जा रही है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक रेलवे कुंभ के लिए स्पेशल ट्रेनें चला रहा है। याचिका में कहा गया है कि एक तरफ स्वास्थ्य मंत्री कहते हैं कि कोरोना के तेजी से बढ़ने का कारण लोगों की लापरवाही है और कोरोना प्रोटोकाल का पालन नहीं करना है, जबकि दूसरी ओर हरिद्वार के कुंभ मेले और चुनाव रैलियों में लोगों के आने को बढ़ावा दिया जा रहा है। ये रवैया विरोधाभासी है।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *