हरिद्वार : कुंभ हरिद्वार के दौरान अखाडों में लगातार सामने आते कोरोना संक्रमण के मामलों के बाद मेला स्वास्थ्य विभाग तमाम 13 अखाडों में युद्ध स्तर पर टेस्टिंग शुरू करने जा रहा है। फिलहाल इसके लिए 20 टीमों का गठन किया गया है। कुंभ में आये अखाडों के संतों की कोरोना जांच बारीकी से करने के लिए स्वास्थ्य महकमे ने सभी संतों का आरटीपीसीआर टेस्ट करने की तैयारी की है। इस संबंध में सभी अखाडों को सूचित कर दिया गया है। 20 टीमों के 80 स्वास्थ्य कर्मी अखाडों में संतों की कोरोना जांच करेंगे।

कुंभ में 14 अप्रैल को शाही स्नान था। इसके बाद से आने वाली खबरें डरा रही हैं। कुंभ में अबतक 50 से ज़्यादा साधु-संत कोरोना से संक्रमित हो चुके हैं। बीते 24 घंटे में जूना निरंजनी और आह्वान अखाड़े के कई साधु कोरोना की चपेट में मिले हैं। लगातार बढ़ते मामलों के मद्देनजर हरिद्वार प्रशासन ने रैंडम सैंपलिंग बढ़ा दी है। हरिद्वार में अब अलग-अलग इलाकों पर कोरोना जांच हो रही है। इसी वजह से मामलों में इजाफा हुआ है।