देहारादून: कोरोना संक्रमण की रफ्तार अब डरा रही है। उत्तराखंड में नए मामलों की संख्या तेजी से बढ़ती जा रही है। प्रदेश में तीन दिन से लगातार दो हजार से ऊपर मामले आ रहे हैं। शनिवार को भी 2757 लोग संक्रमित मिले हैं। जबकि एक दिन मे में सवार्धिक 37 मरीजों की मौत हो गई। ये एक दिन में आए अब तक की सर्वाधिक संख्या है। अप्रैल में अब तक 20,992 लोग संक्रमित हो चुके हैं। स्थिति इसलिए भी चिंताजनक है, क्योंकि मैदान ही नहीं, बल्कि पर्वतीय जनपदों में भी मामले लगातार आ रहे हैं। यही नहीं सक्रिय मामले भी बढ़कर 15 हजार के पार पहुंच गए हैं। कोरोना की सबसे बड़ी मार देहरादून जनपद पर पड़ रही है। यहां लगातार दूसरे दिन एक हजार से ऊपर मामले आए हैं। जिले में 1179 व्यक्तियों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। वहीं हरिद्वार में 617, ऊधमसिंह नगर में 265 व नैनीताल में 248 मामले आए हैं।

पर्वतीय जिलों में पौड़ी को लेकर चिंता बढ़ रही है। यहां 155 लोग संक्रमित मिले हैं। इसके अलावा रुद्रप्रयाग में 79, अल्मोड़ा में 51, टिहरी गढ़वाल में 50, चंपावत में 44, चमोली में 28, बागेश्वर में 15, उत्तरकाशी में 14 व पिथौरागढ़ में 12 नए मामले मिले हैं। इधर, विभिन्न जिलों में 802 मरीज स्वस्थ भी हुए हैं। अब तक उत्तराखंड में कोरोना के 121403 मामले आए हैं, जिनमें 101659 स्वस्थ हो गए हैं। फिलवक्त प्रदेश में कोरोना के 15386 सक्रिय मामले हैं, जबकि 2502 मरीज राज्य से बाहर चले गए हैं। अभी तक कोरोना संक्रमित 1856 मरीजों की मौत भी हो चुकी है।
19 मरीज कोविड सेंटर से भागे
टिहरी जनपद के श्रीदेव सुमन राजकीय चिकित्सालय नरेंद्र नगर में बनाए गए कोविड केयर सेंटर से 19 कोरोना संक्रमित भाग गए। इस मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर फरार हुए कोरोना संक्रमितों की तलाश शुरू कर दी है। जिलाधिकारी टिहरी इवा आशीष श्रीवास्तव ने बताया कि विगत दिनों अलग-अलग जांचों में राजस्थान व अन्य प्रदेशों के करीब 19 यात्रियों के कोविड पॉजिटिव आने के बाद उन्हें कोविड केयर सेंटर श्रीदेव सुमन राजकीय चिकित्सालय नरेंद्रनगर में बनाये गए कोविड केयर सेंटर में भेजा गया था। उन्होंने बताया कि शनिवार को दोपहर के भोजन के पश्चात यहां 19 यात्री अचानक अस्पताल से लापता हो गए। इनमें अधिकांश यात्री राजस्थान के हैं। जबकि एक यात्री उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग का बताया जा रहा है।

डीएम टिहरी इवा आशीष श्रीवास्तव ने बताया कि संबंधित मामले में उप जिलाधिकारी नरेंद्रनगर की ओर से नरेंद्रनगर थाने में फरार कोरोना संक्रमित यात्रियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। उन्होंने बताया कि प्राथमिक जांच में सभी यात्री ऋषिकेश की ओर गए हैं, जिसे देखते हुए संबंधित क्षेत्र में भी तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। इसके अलावा संबंधित यात्रियों के पते पर भी संपर्क साधा जा रहा है। बहरहाल, कोविड केयर सेंटर से 19 कोरोना संक्रमितों के फरार होने से पुलिस व प्रशासन के हाथ पांव फूल गए हैं। देर रात तक पुलिस तथा तहसील प्रशासन की टीम ऋषिकेश व मुनिकीरेती क्षेत्र में फरार कोरोना संक्रमितों की तलाश में जुटी थी।