टिहरी: नरेंद्रनगर के एकमात्र कोविड केयर सेंटर से 20 मरीज फरार हो गए जिससे प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग में हडकंप मच गया। अधिकारियों ने यहां रविवार को बताया कि शनिवार देर शाम से राजकीय संयुक्त चिकित्सालय, नरेंद्रनगर से गायब चल रहे 20 मरीजों का अभी तक सुराग नहीं लगा है। पुलिस ने सभी गायब कोविड-19 मरीजों के खिलाफ आपदा प्रबंधन और महामारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस फरार चल रहे कोरोना संक्रमितों की तलाश में जुट गई है, लेकिन मोबाइल से भी पुलिस किसी की भी लोकेशन ट्रेस नहीं कर पाई। अस्पताल से कोरोना संक्रमितों के भागने पर स्थानीय लोग स्वास्थ्य विभाग की लचर कार्य प्रणाली पर कई तरह के सवाल उठा रहे हैं।

आपको बता दें कोरोना संक्रमितों की देखभाल के लिए जिला प्रशासन की ओर से नरेंद्रनगर श्रीदेव सुमन अस्पताल को कोविड केयर सेंटर बनाया गया है। कोविड केयर सेंटर में बीते दिन 38 लोग भर्ती थे, लेकिन शनिवार शाम को 20 लोग वहां से फरार हो गए। मरीजों के गायब होने का पता अस्पताल प्रशासन को रात में उस वक्त चला जब वहां भोजन परोसने कर्मचारी पहुंचे। अधिक भोजन वापस बचने पर वार्ड में भर्ती संक्रमितों की गिनती की गई, तो 20 लोग वहां से नदारद मिले। आसपास के क्षेत्रों में फरार चल रहे संक्रमितों की तलाश की गई, लेकिन पता नहीं चल पाया। जो लोग फरार हुए उनमें दो उत्तराखंड, चार उत्तर प्रदेश, सात राजस्थान, तीन हरियाणा और चार लोग उड़ीसा के रहने वाले हैं।
पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम कर रही तलाश
रविवार को सीएमओ डा. सुमन आर्य ने कोविड केयर सेंटर पहुंचकर सीएमएस डा. नीरज राय से जानकारी ली। पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम ने फरार चल रहे मरीजों की तलाश में ऋषिकेश, हरिद्वार तक छान मारा, लेकिन कोई कामयाबी नहीं मिल पाई। सीएमएस डा. राय की ओर से फरार चल रहे मरीजों के खिलाफ तहरीर दी गई। थानाध्यक्ष प्रदीप पंत ने बताया कि तहरीर के आधार पर फरार चल रहे मरीजों के खिलाफ आपदा प्रबंधन और महामारी एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है।