Nirbhik Nazar

गर्मी मे सर्दी का एहसास उत्तराखंड के कई जिलों मे बर्फ, ओले और बारिश, मैदानी इलाकों मे मिली गर्मी से निजात

देहरादून: पहाड़ में कुछ जगह बारिश और ओलावृष्टि से ठंड फिर लौट आई है। बदरीनाथ और केदारनाथ धाम समेत ऊंची चोटियों पर बुधवार को बर्फबारी हुई। गंगोत्री-यमुनोत्री और हर्षिल घाटी में भी बर्फबारी हुई। जबकि, जिला मुख्यालय उत्तरकाशी में झमाझम बारिश हुई। गोपेश्वर, जोशीमठ व घाट के कुछ इलाकों में शाम को बारिश के बाद तेज ओलावृष्टि हुई। जिला मुख्यालय गोपेश्वर में तो भारी भरकम ओले पड़े। जिले के बदरीनाथ धाम, हेमकुंड साहिब में रुक-रुककर लगातार बर्फबारी होती रही, जबकि ऊंची चोटियों पर भी बर्फबारी से चोटियां श्वेत धवल दिख रही थी। जिला मुख्यालय गोपेश्वर के निकट मंडल चोपता मोटर मार्ग की पहाड़ियों पर भी बर्फबारी हुई है। निचले इलाकों में सुबह से कभी धूप तो कभी बारिश का सिलसिला जारी रहने से मौसम में ठंडक का अहसास हो रहा है।


केदारनाथ में मंगलवार को देर रात्रि से बर्फबारी का सिलसिला शुरू हो गया था, जो बुधवार को पूरे दिन चलता रहा। केदारनाथ में ताजा बर्फ छह इंच तक जम चुकी है। वहीं तुंगनाथ, मध्यमेश्वर, पंवालीकांठा समेत ऊंचाई वाले स्थानों पर भी पूरे दिन बर्फबारी होती रही। वहीं निचले इलाकों में भी पूरे दिन बारिश का सिलसिला बना रहा, जिससे एक बार फिर से क्षेत्रवासियों ने ठंड महसूस की। वहीं केदारनाथ में बर्फबारी से पुनर्निर्माण कार्य भी प्रभावित हुए हैं। पूरे दिन कार्य ठप पड़े रहे। केदारनाथ में निर्माण कर रही वुड स्टोन कंस्ट्रक्शन कंपनी के प्रबंधक मनोज सेमवाल ने बताया कि केदारनाथ में पूरे दिन बर्फबारी होती रही। जिससे ठंड बढ़ गई है। धाम में छह इंच से अधिक बर्फ जम गई है। बर्फबारी से पुनर्निर्माण कार्य भी प्रभावित हुए।
इसी बीच, नई टिहरी में बुधवार सुबह से आसमान में बादल छाए रहे और दोपहर बाद तेज बारिश के साथ जिला मुख्यालय सहित कई जगह ओले गिरे। बारिश के चलते सड़कों पर गदेरों की तरह पानी बहने लगा तथा कई जगह सड़क पर कचरा जमा हो गया। हालांकि गर्मी से जूझ रहे क्षेत्रवासियों को बारिश से राहत मिली।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *