देहरादून : उत्तराखंड की राज्यपाल बेबी रानी मौर्य ने गुरुवार को अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), ऋषिकेश के निदेशक तथा जिलाधिकारी देहरादून से फोन पर बात कर कोविड-19 के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने आई.सी.यू बेड, ऑक्सीजन तथा जीवन रक्षक दवाओं की जानकारी भी ली। उन्होंने जनपद के कोविड केयर सेंटरों तथा अस्पतालों में मरीजों को पर्याप्त सुविधाएँ तथा उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। एम्स ऋषिकेश के निदेशक ने बताया कि संस्थान में सभी आई.सी.यू बेड भरे हुए हैं। उन्होंने बताया कि राज्य के साथ-साथ यहाँ सीमावर्ती प्रदेश के जनपदों से भी मरीज आ रहे हैं।

एम्स में जीवन रक्षक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है। वहीं जिलाधिकारी देहरादून ने बताया कि जनपद में ऑक्सीजन की कोई कमी नहीं है तथा वर्तमान मांग के सापेक्ष पर्याप्त ऑक्सीजन का उत्पादन हो रहा है। उन्होंने बताया कि कोविड-19 से जुड़ी जीवन रक्षक दवाओं की कालाबाजारी के खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है।