देहरादून: उत्तराखंड में शनिवार को कोरोना वायरस संक्रमण के एक दिन में सर्वाधिक 5,084 नए मामले सामने आए, जिसके साथ ही प्रदेश में संक्रमित लोगों की संख्या बढ़कर 1,47,433 तक पहुंच गई। राज्य के कोविड नियंत्रण कक्ष ने कहा कि इसी अवधि में कोविड-19 के 81 मरीजों की मौत के साथ ही इस घातक वायरस से जान गंवाने वालों की संख्या बढ़कर 2,102 हो गई। पिछले साल महामारी की शुरुआत के बाद से उत्तराखंड में एक ही दिन में सामने आने वाले नए मामले एवं जान गंवाने वालों का यह सर्वाधिक आंकड़ा है।

देहरादून जिले में सबसे अधिक 1,736 मामले, हरिद्वार में 958, नैनीताल में 592, उधम सिंह नगर में 378, चंपावत में 321, पौड़ी में 301, उत्तरकाशी में 215, टिहरी में 190, पिथौरागढ़ में 123, अल्मोड़ा में 117, चमोली में 90, रुद्रप्रयाग में 53 और बागेश्वर में 10 मामले सामने आए हैं। उत्तराखंड में 33,330 मरीज उपचाराधीन हैं जबकि 1,08,916 लोग स्वस्थ हो चुके हैं।

राज्य में कोरोना के गंभीर मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। इसी का नतीजा है कि ज्यादा लोगों की मौत हो रही है। स्वास्थ्य महानिदेशक डॉ तृप्ति बहुगुणा ने कहा कि राज्य में बड़ी संख्या में मरीज आखिरी स्टेज में अस्पतालों में पहुंच रहे हैं। ऐसे मरीजों को संभालना बहुत मुश्किल हो रहा है और मरीजों की अचानक मौत हो रही है। उन्होंने लोगों से अपील की कि कोविड के लक्षण दिखाई देने पर जल्द से जल्द डॉक्टर से परामर्श लें और सांस में दिक्कत होने पर अस्पताल जरूरत आएं। स्वास्थ्य महानिदेशक ने माना कि राज्य में इस बीच गंभीर मरीजों की संख्या में तेजी से इजाफा हुआ है। इसे वायरस के नए वेरिएंट के ज्यादा खतरनाक होने की पुष्टि हो रही है।