देहरादून: उत्तराखंड सरकार ने कोरोना काल में स्कूल बंदी के दौरान शिक्षकों को भी स्कूल बुलाने पर रोक लगा दी। सरकार ने साफ किया है कि कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए स्कूलों को बंद किया गया है। उत्तराखंड में कोरोना के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। प्रदेश में रविवार को कोरोना के 4368 नए मामले आए हैं। प्रदेश में अब तक 151801 लोग संक्रमित हो चुके हैं, जबकि 2146 मरीजों की मौत हुई है। इससे पहले शनिवार को प्रदेश में कोरोना के 5084 नए मामले आए। जो कि एक दिन में आए अब तक के सर्वाधिक मामले हैं। ऐसे में शिक्षकों को स्कूल बुलाने से संक्रमण फैलने का खतरा है। शिक्षक अपने घरों से ही अपनी कक्षा-विषयों की ऑनलाइन पढ़ाई जारी रखेंगे। शिक्षा सचिव आर.मीनाक्षीसुंदरम ने रविवार को शिक्षा विभाग से जुड़े तीन अहम आदेश किए। उन्होंने बताया कि सरकार ने कोरोना संक्रमण की वजह से 20 अप्रैल से स्कूलों को बंद कर दिया है। शिक्षक ऑनलाइन पढ़ाई को घर से ही जारी रखेंगे।

एक जून को तय इंटर बोर्ड परीक्षा का भविष्य
उत्तराखंड बोर्ड की हाईस्कूल की बोर्ड परीक्षा को रद्द करने और इंटर मीडिएट बोर्ड परीक्षा को स्थगित करने का आदेश जारी कर दिया। इंटर की परीक्षा पर आगे एक जून को हालात की समीक्षा करने के बाद निर्णय लिया जाएगा। हाईस्कूल के छात्रों को पास करने के मानक अलग से तय किए जा रहे हैं। शिक्षा सचिव ने बताया कि यदि कोई हाईस्कूल का छात्र बोर्ड परीक्षा देने को इच्छुक होगा तो उसे भविष्य में स्थितियां सामान्य होने पर होने वाली परीक्षा में शामिल होने का मौका दिया जाएगा।