देहरादून: उत्तराखंड में कोरोना संक्रमितों का ग्राफ तेजी से बढ़ रहा है। प्रदेश में रविवार को 4368 और लोग संक्रमित मिले हैं। उत्तराखंड में रविवार को कोरोना वायरस के मरीजों के आंकडे के फिर चार हजार के पार पहुंच जाने के बीच महामारी की बेकाबू होती इस दूसरी लहर को रोकने की कोशिश में राज्य सरकार ने जिलाधिकारियों को अपने जिलों में कर्फ्यू लगाने या अन्य कठोर कदम उठाने के लिए अधिकृत कर दिया है। रविवार को दोपहर में मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने अधिकारियों के साथ कोरोना संक्रमण की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि जिलों में जिलाधिकारी अपने विवेक से कफ्र्यू जैसे कदम उठाने को अधिकृत होंगे। इसके बाद अपर मुख्य सचिव ने ये आदेश जारी किए।

मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने फिर दोहराया कि प्रदेश में आक्सीजन पर्याप्त मात्रा में है और यह सुनिश्चित किया जाएगा कि इसके अभाव में किसी की मृत्यु न हो । साथ ही उन्होंने कोविड-19 टीके के लिए अधिकारियों से कंपनियों को मांग भेजने को कहा। प्रदेश में अब तक कोरोना के एक लाख, 51 हजार, 801 मामले आए है। जिनमें एक लाख, दस हजार, 664 लोग स्वस्थ हो गए हैं। प्रदेश में सक्रिय मामले 35864 पर पहुंच गए हैं। वहीं कोरोना संक्रमित 2146 मरीजों की अब तक मौत हो चुकी है।
स्थिति की गंभीरता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि अप्रैल माह में अब तक 51390 लोग संक्रमित हो चुके है। यह अब तक आए कुल मामलों का करीब 29 फीसद है। रविवार को कोरोना संक्रमित 44 मरीजों की मौत भी हुई है। इस माह अभी तक 429 लोग कोरोना के कारण दम तोड़ चुके है। इससे पहले गत वर्ष अक्टूबर माह में सर्वाधिक 412 मरीजों की मौत हुई थी।