हरिद्वार: बढ़ते कोविड संक्रमण को रोकने के लिए सोमवार को हुई कैबिनेट बैठक में कई फैसले लिए गए। शाही स्नान के बाद हरिद्वार में भी कोविड कर्फ्यू लगाने का फैसला लिया गया। जिले में कोरोना काल में रिकोर्ड 1501 संक्रमित मिले हैं। वहीं पहली बार 11 कोविड संक्रमितों की मौत हुई है। जिले में कोविड संक्रमितों की मौत का आंकड़ा 227 हो गया है। एसएसपी कार्यालय के दो कर्मचारी, पुलिस लाइन के पांच कर्मचारी और राजकीय मेला अस्पताल के चार स्वास्थ्यकर्मी कोविड पॉजिटिव पाए गए हैं। जिला कारागार में भी 11 कैदियों की कोविड रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।

पूरे हरिद्वार जिले को कोरोना संक्रमण ने अपनी गिरफ्त में ले लिया है। सोमवार को एमएच रुड़की में तीन, बाबा बर्फानी में दो, मेट्रो और मेला अस्पताल में एक-एक कोविड संक्रमित की मौत हुई है। चार और कोविड संक्रमितों की मौत हुई है। स्वास्थ्य विभाग चारों की जानकारी जुटा रहा है। पॉश कॉलोनी शिवालिक नगर में सबसे अधिक 115, उपनगरी ज्वालापुर में 79, मायापुर में 54, सप्तसरोवर में 49, भेल में 39, वानप्रस्थ आश्रम में 33 संक्रमित मिल हैं। सीएमओ डॉ. एसके झा ने बताया कि जिले में 2859 कोविड एक्टिव केस हैं। उन्होंने बताया कि 2048 संक्रमित होम आईसोलेशन में हैं। वहीं अधिकृत अस्पतालों में 210, अधिकृत कोविड स्वास्थ्य केंद्रों में 210 और कोविड केयर सेंटर 229 संक्रमित भर्ती हैं। उन्होंने बताया कि 145 कोविड संक्रमित स्वस्थ हुए हैं। जबकि 26045 लोगों के सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं। डॉ. एसके झा ने बताया कि 30 हजार 66 लोगों की कोविड जांच रिपोर्ट आनी बाकी है।