देहरादून: उत्तराखंड में कोरोना संक्रमण को देखते हुए कई स्थानों पर कर्फ्यू लगा दिया गया है। इसी क्रम में मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने पत्रकारों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सभी जिलों के जिलाधिकारी एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देश जारी करते हुए कोविड-19 के दौरान मीडिया कर्मियों को परिचय पत्र के आधार पर छूट देने के निर्देश किए हैं।
जिन जगहों पर कर्फ्यू लगाया गया है, वहां इसका कड़ाई से अनुपालन किया जाएगा। कोविड कर्फ्यू के दौरान मीडिया कवरेज करने वाले पत्रकारों के प्रेस कार्ड को ही कर्फ्यू पास माना जाएगा। कोरोना कर्फ्यू के दौरान कामकाज प्रभावित न हो, इसके लिए मजदूरों को भी आवाजाही की छूट होगी।
— Tirath Singh Rawat (@TIRATHSRAWAT) April 26, 2021
सरकार के शासकीय प्रवक्ता एवं कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेश में बढ़ते कोरोना संक्रमण के बाद कई स्थानों पर कर्फ़्यू लगाया गया है। इस दौरान मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार मीडिया कर्मियों को आवाजाही हेतु छूट रहेगी। किसी भी चेकिंग पॉइंट व अन्य स्थानों पर मीडिया कर्मियों को अपना प्रेस मान्यता कार्ड या संस्थान से जारी परिचय पत्र दिखाना होगा।
