Nirbhik Nazar

स्वतंत्रता की 75वीं वर्षगांठ के अवसर पर उत्तराखंड में भव्यता के साथ होंगे अमृत महोत्सव कार्यक्रम – सीएम धामी

देहरादून: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य में देश की स्वतंत्रता की 75वीं वर्षगांठ के अवसर पर अमृत महोत्सव कार्यक्रम का गरिमा व भव्यता के साथ आयोजन किया जाएगा। इन कार्यक्रमों की अवधि 2023 तक बढ़ाई गई है। इस आयोजन के लिए राज्य से ऐतिहासिक महत्व के दो स्थलों में अल्मोड़ा व देहरादून का चयन किया गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को अपने आवास स्थित कैंप कार्यालय में अमृत महोत्सव कार्यक्रम के आयोजन की व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि अमृत महोत्सव प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राष्ट्र सर्वप्रथम विजन को बताता है। केंद्र सरकार के दिशा-निर्देशों के मुताबिक राज्य में होने वाले कार्यक्रमों की स्पष्ट रूपरेखा तय करने के निर्देश उन्होंने दिए। साथ ही कहा कि आजादी के अमृत महोत्सव का संदेश आमजन तक पहुंचाने की प्रभावी व्यवस्था होनी चाहिए।

डीएम व एचओडी को निर्देश

उन्होंने सभी जिलाधिकारियों एवं विभागाध्यक्षों को कार्यक्रमों के संबंध में स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी करने की हिदायत दी। विभागों से आपसी समन्वय से कार्यक्रमों के आयोजन की अपेक्षा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों का सम्मान हमारे लिए सर्वोपरि है। ये कार्यक्रम आजादी के लिए हमारे पूर्वजों के बलिदान से भावी पीढ़ी को परिचित कराने में मददगार होंगे। इसमें विभिन्न संस्थानों, संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं, एनसीसी व एनएसएस की भागीदारी सुनिश्चित करने को कहा गया।

हर घर झंडा कार्यक्रम चलेगा

मुख्यमंत्री ने स्वतंत्रता संग्राम के सेनानियों व महान विभूतियों के जीवन वृत्त पर प्रदर्शनी के साथ ही उनके जीवन दर्शन पर आधारित लघु फिल्में तैयार करने के निर्देश दिए। स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान से संबंधित राज्य स्तरीय गीत तैयार कर उसके माध्यम से प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए। उन्होंने इस आयोजन के तहत ‘हर घर झंडा कार्यक्रम’ की प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने को कहा।

सीएम की अध्यक्षता में समिति

इस मौके पर संस्कृति सचिव हरि चंद्र सेमवाल ने बताया कि अमृत महोत्सव के तहत पूरे देश में 75 ऐतिहासिक महत्व के विशिष्ट स्थलों से प्रत्येक राज्य से दो या तीन विशिष्ट स्थल शामिल किए गए हैं। उत्तराखंड में अल्मोड़ा व देहरादून को चयनित किया गया है। इस संबंध में मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में समिति का गठन भी किया गया। महोत्सव के तहत सभी जिलों में मैराथन दौड़, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों पर प्रदर्शनी, नशा मुक्ति कार्यक्रम, विचार गोष्ठी, सम्मेलन व पौधारोपण कार्यक्रम होंगे। खादी प्रदर्शनी, क्विज, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के जीवनवृत्त पर नुक्कड़ नाटक, पेंटिंग प्रतियोगिता होगी।

स्वतंत्रता सेनानियों से संबंधित स्थलों का भ्रमण व निबंध प्रतियोगिता व साइकिल रैली कार्यक्रम भी प्रस्तावित हैं। इस अवसर पर पर्यटन, संस्कृति व धर्मस्व मंत्री सतपाल महाराज, मुख्य सचिव डा एसएस संधू, अपर मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, प्रमुख सचिव आरके सुधांशु, पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार, अपर प्रमुख सचिव अभिनव कुमार, सचिव राधिका झा समेत कई अधिकारी मौजूद थे।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *