न्यूज़ डेस्क: जमीन में दफ्न कई राज है जिनकी खोज कर वैज्ञानिक करते रहते हैं। समय समय पर इनकी खोज कर ऐसे ऐसे राज धरती के खोल देते हैं, जो सोचने पर मजबूर कर देते हैं कि धरती पर करोड़ों अरबों साल पहले कैसे जीवन हुआ करता था। इसी का एक उदाहरण हाल ही में पेश हुआ है। हजारों साल पहले धरती पर हाथी के पूर्वज रहते थे जिन्हें मैमथ कहा जाता था। वो इतने विशाल और भारी होते थे कि उनके चलने से धरती भी कांपती थी। यूं तो उनके विलुप्त हुए सदियां बीत गईं मगर इन दिनों मैमथ की फिर से चर्चा शुरू हो गई है। कनाडा में एक बेबी मैमथ का अवशेष वैज्ञानिकों को मिला है जिसने उनके सामने इस विचित्र जीव से जुड़े कई राज को खोल दिया है।
कनाडा के युकान एक बेबी मैमथ की खोज की गई है। जानकारी के अनुसार मैमथ का ये बच्चा 30 हजार साल पुराना यानी हिमयुग के दौर का बताया जा रहा है। विचित्र बात ये है कि इस जीव का शरीर पर्माफ्रॉस्ट में जम गया था जिसके कारण ये सड़ा नहीं, ना ही पूरी तरह से कंकाल में तब्दील हुआ। इस कारण से इस मैमथ को अब तक सबसे पूर्ण या संरक्षित मैमथ माना जा रहा है जो उत्तर अमेरिका में कभी मिला है।
गोल्ड माइनर्स को मिला था मैमथ
क्लोनडिके गोल्ड फील्ड्स Klondike gold fields में खुदाई करने वाले गोल्ड माइनर्स को ये मैमथ सबसे पहले पिछले मंगलवार को दिखा था। जैसा हमने बताया कि ये पर्माफ्रॉस्ट में दबा था इसलिए इसकी चमड़ी और अधिकतर हिस्से अभी भी सुरक्षित हैं। आपको बता दें कि पर्माफ्रॉस्ट धरती की सतह के नीचे का वो हिस्सा होता है जिसका तापमान 2 साल या उससे ज्यादा वक्त तक 0 डिग्री सेल्सियस से कम होता है।