ब्यूरो रिपोर्ट
देहारादून: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत के फटी जींस के फैशन को लेकर दिया गया बयान देवभूमि के लोगों को भी पसंद नहीं आ रहा है। एक तरफ जहां सीएम तीरथ सिंह रावत के बयान का विरोध पूरे देश मे नेता से लेकर अभिनेता तक का रहे हैं वहीं आज उत्तराखंड की जनता और राजनीतिक पार्टियों ने भी सीएम तीरथ के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है । कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश में कई जगह धरना प्रदर्शन कर नारेबाजी की। वहीं पुतला फूंककर विरोध जताया। कांग्रेस ने मुख्यमंत्री से महिलाओं से माफी मांगने की मांग की है।
देहरादून
देहरादून में सुबह एनएसयूआई और महिला कांग्रेस ने मिलकर एस्लेहॉल पर सीएम तीरथ सिंह रावत का पुतला फूंका। इस दौरान महिला कांग्रेस कार्यकर्ता कमलेश रमन ने कहा जींस को लेकर सीएम ने महिलाओं के ऊपर जो अभद्र टिप्पणी की है उसके लिए मुख्यमंत्री को माफी मांगनी चाहिए।

हरिद्वार
वहीं, हरिद्वार में महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष सरिता आर्य के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने भगत सिंह चौक पर मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत का पुतला दहन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि एक तरफ भाजपा बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ का नारा देती है दूसरी तरफ महिलाओं के प्रति ऐसी घृणित सोच रखती है। कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री से बयान पर माफी मांगने की मांग की।

रामनगर में यूथ कांग्रेस
उधर, कुमाऊं में भी सीएम के बयान की खूब आलोचना हो रही है। रामनगर में यूथ कांग्रेस व अन्य संगठनों ने मुख्यमंत्री के बयान की निंदा करते हुए पुतला दहन किया। कार्यकर्ताओं ने कहा कि सीएम को अपने पद की गरीमा का ख्याल रखना चाहिए।

अल्मोड़ा
मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत के फटी जींस बयान पर अल्मोड़ा मे भी महिला कांग्रेस ने आक्रोश जताया है। सीएम के इस बयान को अमर्यादित बताते हुए महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सीएम का पुतला दहन किया। इस अवसर पर महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री से इस्तीफे की मांग की। महिला कांग्रेस की अल्मोड़ा जिलाध्यक्ष लता तिवारी ने कहा कि जिस तरह से मुख्यमंत्री ने महिलाओं के पहनावे को लेकर आपत्तिजनक बयान दिया है वो निन्दनीय है। उन्होंने कहा कि एक उच्च तथा जिम्मेदार पद पर आसीन व्यक्ति के द्वारा महिलाओं के ऊपर इस तरह की टिप्पणी अशोभनीय है। उन्होंने कहा कि आज जबकि लड़कियां किसी भी क्षेत्र में लड़कों से पीछे नहीं है ऐसे में मुख्यमंत्री द्वारा यह तय करना कि उन्हें क्या पहनना चाहिए और क्या नहीं उनकी मानसिकता को प्रदर्शित करता है। तिवारी ने कहा कि महिलाओं पर अपने अमर्यादित बयान के लिए मुख्यमंत्री को तुरन्त सार्वजनिक मांफी मांगनी चाहिए तथा नैतिकता के आधार पर अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए।
पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि हमारे नए मुख्यमंत्री महिलाओं की फटी जींस पहनने पर या कटी हुई जींस पहनने पर बहुत खफा हैं। मुख्यमंत्री जी ये नया जमाना है, आपको तो मोदी जी, राम नजर आते हैं, कृष्ण नजर आते हैं और अब आप हमारी बेटियों की जींस पहनने पर भी कमेंट करने लग गए हैं।
ये भी पढ़िये